वाराणसी: सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा पिशाचमोचन कुंड, ओपन जिम भी बनेगा

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा पिशाचमोचन कुंड, ओपन जिम भी बनेगा


- नगर आयुक्त ने तीन कुंडों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

- राम कुंड में बनेगी नई आरसीसी दीवार, पितरकुंडा पर लगेगा नया गेट

वाराणसी,06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में स्थित पौराणिक तालाबों, कुंडों व कुओं के अस्तित्व को बचाने और उनके जीर्णोद्धार को लेकर नगर निगम गंभीर है। जलस्रोतों को संरक्षित करने के दृष्टि से पौराणिक कुंडों के पानी के शोधन और सफाई के साथ-साथ उनके सुंदरीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। इस क्रम में पिशाचमोचन कुंड की सुरक्षा व जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तालाब के किनारे प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और आम जनमानस के स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को पिशाचमोचन कुंड, पितरकुंडा तालाब और राम कुंड तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुंडों पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की और सभी अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त ने पिशाचमोचन कुंड पर ओपन जिम, सीसीटीवी और लाइटें लगाने के निर्देश दिए। वहीं राम कुंड परिसर में पूर्व में क्षतिग्रस्त हुई दीवार के स्थान पर मजबूत आरसीसी दीवार के निर्माण, रेलिंग की मरम्मत और पेंटिंग कराने को कहा। इसके साथ ही पितरकुंडा तालाब पर भव्य प्रवेश द्वार (गेट) के निर्माण, रेलिंग लगाने, पेंटिंग और समूचे परिसर में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद सिंधु सोनकर सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story