वाराणसी के शहीद उद्यान का दो माह में दिखेगा बदला कलेवर

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के शहीद उद्यान का दो माह में दिखेगा बदला कलेवर


वाराणसी के शहीद उद्यान का दो माह में दिखेगा बदला कलेवर


वाराणसी, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में नगर निगम ने शहरी क्षेत्र के पार्कों के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण की दिशा में तेजी से काम शुरू किया है। इसी कड़ी में सिगरा स्थित शहीद उद्यान को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का कार्य जारी है। नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार शहीद उद्यान के इस कायाकल्प पर लगभग 8.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पार्क में बच्चों के लिए अत्याधुनिक झूले, आकर्षक फव्वारे और मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए विशेष पाथ-वे का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा, पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग और बैठने की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। वहीं 1.5 करोड़ रुपये की लागत से एक डिजिटल लाइब्रेरी भी बनाई जा रही है। यह लाइब्रेरी छात्रों और ज्ञान प्रेमियों के लिए एक शांत और हाईटेक वातावरण प्रदान करेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को शहीद उद्यान का स्थलीय निरीक्षण भी किया था। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि सौंदर्यीकरण का कार्य अगले दो माह के भीतर हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द ही एक आधुनिक और सुंदर पार्क की सौगात मिल सके। उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त माह तक शहीद उद्यान का कलेवर बदल जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story