वाराणसी : वित्तीय वर्ष में अब तक 66342 भवन स्वामियों ने जमा किए 50.41 करोड़ रुपये गृहकर
—- 27757 भवन स्वामियों ने ऑनलाइन जमा किया,संपत्तिकर में छूट की मियाद में अब महज दो दिन
वाराणसी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम की ओर से भवन स्वामियों को गृहकर, जलकर और सीवरकर पर दी जा रही विशेष छूट की अवधि अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। 15 जुलाई के बाद नगर के भवन स्वामियों को पूरा टैक्स जमा करना होगा। ऐसे में वर्तमान वित्तीय वर्ष के टैक्स में छूट का लाभ उठाने के लिए शहरवासियों के पास अब महज दो दिन का समय शेष बचा है। वहीं, जैसे-जैसे समय सीमा नजदीक आ रही है, निगम के काउंटरों और ऑनलाइन पोर्टल पर करदाताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस क्रम में सोमवार, को शहर के 3,200 भवन स्वामियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल तीन करोड़ रुपये का कर जमा किया। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 27 भवन स्वामियों ने निगम के वाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से सोलर पैनल लगवाने के लिए भी आवेदन किया है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 66,342 भवन स्वामी 50.41 करोड़ रुपये का संपत्तिकर जमा कर चुके हैं। इसमें 27,757 भवन स्वामियों ने घर बैठे ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करते हुए 28.50 करोड़ रुपये भुगतान किया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा करने पर उपभोक्ताओं को सीधे 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं डिजिटल या ऑनलाइन माध्यमों से भुगतान करने पर दो प्रतिशत की अतिरिक्त रियायत दी जा रही है। इस प्रकार ऑनलाइन भुगतान करने वालों को कुल 12 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। भवन स्वामी ऑनलाइन माध्यमों जैसे यूपीआई, नेट बैंकिंग, या डेबिट/क्रेडिट कार्ड से सीधे टैक्स जमा कर सकते हैं। इसके अलावा वाट्स-एप चैटबॉट नंबर: 86018 72601 के माध्यम से भी सरलतापूर्वक टैक्स जमा किया जा सकता है । इसके लिए। इस नंबर पर सिर्फ 'हाय' लिखकर भेजें। उपभोक्ता को तुरंत उनका डिजिटल बिल प्राप्त हो जाएगा, जहां से वे सीधे और सुरक्षित भुगतान कर सकेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

