वाराणसी में गंगा घाट से लेकर विश्वनाथ गली तक नगर निगम ने राहगीरों के लिए ताने 'हरे पर्दे'
-शहर के प्रमुख चौराहों-तिराहों पर भी ग्रीन शेड लगाने का क्रम जारी
वाराणसी,09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में भगवान सूर्यदेव के तल्ख तेवर व लगातार बढ़ रहे तापमान से आम जनजीवन के साथ बेजुबान पशु पक्षी भी बेहाल है। तीखी धूप से लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है। इसे देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय राहगीरों को राहत देने के लिए पहल की है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम की ओर से दशाश्वमेघ घाट से लेकर काशी विश्वनाथ गली के मोड़ तक 75 मीटर तक विशेष रूप से 'हरा पर्दा' (ग्रीन शेड) लगवाया गया है। इससे बाबा के दर्शन-पूजन के लिए कतारों में खड़े होने वाले और तंग गलियों से गुजरने वाले देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं को सीधी धूप से बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा निगम मलदहिया, रथयात्रा, तेलियाबाग सहित शहर के अन्य प्रमुख तिराहे व अन्य प्रमुख चौराहे पर भी निगम ने बड़े-बड़े हरे पर्दे (ग्रीन नेट) लगवा दिए हैं, ताकि लाल बत्ती (ट्रैफिक सिग्नल) पर रुकने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को कुछ पल के लिए छांव मिल सके और वे हीट स्ट्रोक से बच सकें।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार काे बताया कि आने वाले दिनों में शहर के कुछ अन्य व्यस्त तिराहों को भी इस योजना के तहत कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर और 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों को ठंडा पानी आसानी से मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

