वाराणसी : सुंदरपुर की अंजनीपुरम कालोनी को मिलेगी जलभराव से मुक्ति

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : सुंदरपुर की अंजनीपुरम कालोनी को मिलेगी जलभराव से मुक्ति


-महापौर अशोक तिवारी ने रखी भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के कार्य की आधारशिला

वाराणसी, 03 मई (हि.स.)। वाराणसी नगर निगम शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और जनसमस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में संजीदा है। रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सुंदरपुर स्थित अंजनीपुरम् कॉलोनी में जल निकासी की सुचारू व्यवस्था के लिए भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया। कुल 29.16 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्रीय नागरिकों को वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जग गई है।

इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा नगर निगम जन-जन की सुविधाओं के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य शहर के हर वार्ड और हर गली को मूलभूत सुविधाओं से लैस करना है। अंजनीपुरम् कॉलोनी में 481 मीटर लंबी इस पाइपलाइन के बिछ जाने के बाद यहां जलभराव बीते दिनों की बात हो जाएगी और जल निकासी का स्थायी समाधान होगा। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि हल्की बारिश में भी कॉलोनी में पानी भर जाने से आवागमन दूभर हो जाता था। नई परियोजना के तहत आधुनिक तकनीक से भूमिगत पाइप बिछाई जाएगी, जिससे गंदे पानी की निकासी सीधे मुख्य नाले से जुड़ सकेगी। शिलान्यास के दौरान क्षेत्रीय पार्षद शेषमणि देवी, भाजपा महानगर मंत्री जगदीश त्रिपाठी, पार्षद गोपाल, श्याम आसरे मौर्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष (किसान मोर्चा) दीपकर, देवाशीष पटेल भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story