वाराणसी : चौकाघाट से नमोघाट मार्ग का होगा कायाकल्प, हटेंगे अवैध विज्ञापन और बढ़ाई जाएगी हरियाली

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : चौकाघाट से नमोघाट मार्ग का होगा कायाकल्प, हटेंगे अवैध विज्ञापन और बढ़ाई जाएगी हरियाली


नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने चौकाघाट से नमोघाट मार्ग का लिया जायजा,अवैध होर्डिंग्स हटाने और थीमैटिक पेंटिंग के दिए सख्त निर्देश

वाराणसी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर,चौकाघाट से नमोघाट मार्ग को सुंदर, हरा-भरा और सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने बड़े पैमाने पर सुंदरीकरण और सफाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। मार्ग पर अवैध विज्ञापनों को हटाकर आवागमन सुचारू करने के साथ-साथ डिवाइडर पर हरियाली और रोशनी की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

शनिवार शाम नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने चौकाघाट से नमोघाट को जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर पाई गई विभिन्न कमियों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों व विभागों को कड़े निर्देश जारी किए। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मार्ग पर पोलों पर लगे अवैध विज्ञापनों को तत्काल हटाया जाए ताकि यातायात में कोई बाधा न हो और मार्ग की सुंदरता बनी रहे। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण के समय ढके या दबा दिए गए मैनहोलों का निरीक्षण कर उन्हें मानक के अनुसार ऊंचा कराया जाएगा, जिससे सीवर व्यवस्था और सफाई प्रभावित न हो। संपूर्ण मार्ग के डिवाइडर पर अलग-अलग रंग के झंडे लगाए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर पटरियों पर पाथवे की रिसेटिंग कराकर ट्री-गार्ड सहित पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, डिवाइडर पर बेतरतीब ढंग से बढ़ी झाड़ियों और पेड़-पौधों की छंटाई कर उन्हें सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।

——कज्जाकपुरा आरओबी और अंडरपास का होगा सौंदर्यीकरण

नगर आयुक्त के अनुसार,कज्जाकपुरा आरओबी के नीचे मोटिफ आर्ट्स पेंटिंग और इसके दोनों ओर सर्विस रोड पर प्रकाश व्यवस्था के लिए नए लाइट प्वाइंट लगाए जाएंगे। इसके अलावा, राजघाट स्थित भदऊं डाट पुल, कज्जाकपुरा अंडरपास और अलईपुर अंडरपास पर वर्ली आर्ट की थीमैटिक पेंटिंग कराई जाएगी तथा सिटी स्टेशन की बाउंड्री वॉल पर भी आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए । यूनिटी मॉल के सामने और सड़क पर जगह-जगह जमी सिल्ट (मिट्टी) को तुरंत हटाने तथा नमोघाट पर सिल्ट की सफाई जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। राजघाट तिराहे के पास शीतला माता मंदिर के सामने स्थित ड्रेन की मरम्मत कराने तथा मार्ग के विभिन्न स्थलों पर व्यू कटर लगाने के भी निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कर आख्या प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story