वाराणसी : पर्यटन केंद्र के रूप में निखरेगी ककरमत्ता पोखरी,महापौर ने परखी जमीनी हकीकत

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : पर्यटन केंद्र के रूप में निखरेगी ककरमत्ता पोखरी,महापौर ने परखी जमीनी हकीकत


- 38 साल पुराने अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई 100 करोड़ की जमीन पर जारी है पुनरुद्धार कार्य

वाराणसी,28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में बीएलडब्ल्यू रोड ककरमत्ता स्थित पोखरी जल्द ही काशी में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र और आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में नजर आएगी। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को पोखरी में चल रहे पुनरुद्धार एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि काशी की जनता को जल्द से जल्द इन आधुनिक सुविधाओं की सौगात मिल सके।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने हाल ही में 38 वर्षों से चले आ रहे विवाद को समाप्त कराते हुए करीब 1.5 बीघा (लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य) में फैली इस बेशकीमती सरकारी संपत्ति को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। कुछ लोगों द्वारा इस ऐतिहासिक पोखरी को कूड़ा-कचरा डालकर पाट दिया गया था। अब निगम प्रशासन इसे एक सुंदर और हरे-भरे सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित कर रहा है।

पोखरी को उसके मूल स्वरूप में लौटाने के लिए निगम ने भारी अमला तैनात किया है। वर्तमान में मौके पर जेसीबी, पोकलैंड की मदद से पोखरी की सफाई और सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अतुल पांडेय, स्थानीय पार्षद सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story