नगर निगम के कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा : नगर आयुक्त
वाराणसी, 26 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम के सभी विभाग अपने कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करें। कामकाज में लापरवाही और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। यह निर्देश नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने गुरुवार को निगम सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) का प्रस्तुतीकरण किया। नगर आयुक्त ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र समय से जारी करने, एमआरएफ प्लांट के लिए भूमि चिह्नित करने और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैकेनिकल स्वीपिंग, आरआरआर, वेस्ट टू वंडर और पुराने कूड़े के निस्तारण की भी समीक्षा की।
स्वच्छता व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने नियमित निगरानी, घाटों और डस्टबिन पर जागरूकता संदेश लिखवाने तथा पक्के महाल की गलियों में कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश भी दिए। संपत्ति कर की समीक्षा में बोगस डिमांड के मामलों की जांच कर निस्तारण और राजस्व वसूली बढ़ाने पर जोर दिया।
पेयजल और सीवर परियोजनाओं में तेजी के निर्देश
जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह और जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर कमल सिंह ने 22 वार्डों में पेयजल एवं सीवर लाइन के कार्यों, ओवरहेड टैंक (ओएचटी) निर्माण, रामनगर पेयजल परियोजना, 1,132 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, एसटीपी और पंपिंग स्टेशनों की प्रगति की जानकारी दी।
नगर आयुक्त ने एनओसी प्राप्त भूमि पर ओएचटी निर्माण शीघ्र शुरू कराने और ट्यूबवेल वाले स्थानों पर काम शुरू करने को कहा। चितईपुर के मुख्य मार्गों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पीडब्ल्यूडी से समन्वय स्थापित करने तथा मणिकर्णिका घाट की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए।
शहर में 88,726 स्ट्रीट लाइटें
आलोक विभाग की समीक्षा में बताया गया कि शहर में कुल 88,726 स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। नगर आयुक्त ने ईईएसएल की 36 हजार लाइटों की स्थिति तत्काल जांचने और शहर में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के लिए नए स्थान चिह्नित करने को कहा। इसके अलावा बजट, आय-व्यय, पेंशन और अन्य बकाया शिकायतों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, दुर्गेश मिश्रा, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचन्द्र, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

