डाला छठ सम्पन्न होने के बाद देव दीपावली की तैयारी,नगर आयुक्त ने दिए साफ-सफाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डाला छठ सम्पन्न होने के बाद देव दीपावली की तैयारी,नगर आयुक्त ने दिए साफ-सफाई के निर्देश


- नमो घाट, राजघाट और भैंसासुर घाट का अधिकारियों संग लिया जायजा, जलभराव व गंदगी पर जताई सख्त नाराजगी

वाराणसी,16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को अलसुबह ही शहर के प्रमुख घाटों नमो घाट, राजघाट एवं भैंसासुर घाट का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं का बारिकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि देव दीपावली के पूर्व सभी घाटों पर नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि घाटों व उनके आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी कूड़ा-करकट, गंदगी या जलभराव की स्थिति बिल्कुल न उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए और लगातार सफाई अभियान चलाया जाए।

नगर आयुक्त ने कहा कि कूड़े का तत्काल उठान और निस्तारण कराया जाए, जिससे घाटों पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि महापर्व के समापन तक सभी घाटों पर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी रखी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर रहकर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखे।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता सिविल सुरेश चंद्र, जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता भी मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story