दीपावली के बाद डाला छठ की तैयारियों में जुटा नगर निगम, घाटों पर सफाई से लेकर सुरक्षा तक के पुख्ता इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली के बाद डाला छठ की तैयारियों में जुटा नगर निगम, घाटों पर सफाई से लेकर सुरक्षा तक के पुख्ता इंतजाम


दीपावली के बाद डाला छठ की तैयारियों में जुटा नगर निगम, घाटों पर सफाई से लेकर सुरक्षा तक के पुख्ता इंतजाम


—नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को बनाया ओवरऑल नोडल अधिकारी, घाटों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

वाराणसी, 10 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली पर्व के संपन्न होने के बाद अब वाराणसी नगर निगम प्रशासन डाला छठ महापर्व की तैयारियों में जुट गया है। गंगा घाटों सहित शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने की तैयारी शुरू कर दी है। चार दिवसीय डाला छठ महापर्व का शुभारंभ 13 नवम्बर से होगा। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जोनल क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

—अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को मिली समग्र व्यवस्था की जिम्मेदारी

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने छठ महापर्व की तैयारियों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को ओवरऑल नोडल अधिकारी नामित किया है। उनके नेतृत्व में नगर निगम के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

—घाटों पर विशेष सफाई अभियान, सिल्ट और मलबा हटाने पर जोर

छठ पर्व पर गंगा घाटों और अन्य पूजा स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगर निगम विशेष सफाई अभियान चला रहा है। जोनल अधिकारियों और स्वच्छता अधिकारियों को घाटों की नियमित सफाई, जमा सिल्ट हटाने तथा मलबे और अनावश्यक सामग्री का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा घाटों के प्रवेश और निकास द्वारों, संपर्क मार्गों तथा आवागमन वाले रास्तों पर भी विशेष सफाई रखने के निर्देश दिए गए हैं। उद्देश्य है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

—स्वच्छ पेयजल, रोशनी और चेंजिंग रूम की होगी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जलकल विभाग को सभी प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार वाटर टैंकर भी तैनात किए जाएंगे। वहीं, प्रकाश विभाग को घाटों, पहुंच मार्गों और संपर्क रास्तों पर खराब स्ट्रीट लाइटों एवं हाईमास्ट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया है। जिन स्थानों पर स्थायी प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, वहां अस्थायी रोशनी का इंतजाम किया जाएगा। महिलाओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और मोबाइल टॉयलेट भी स्थापित किए जाएंगे।

—गहरे पानी वाले स्थान होंगे चिह्नित, बैरिकेडिंग से होगी सुरक्षा

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने गंगा घाटों और अन्य जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को जलस्तर और पानी की गहराई का आकलन कर संवेदनशील एवं खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने को कहा गया है। ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु और विशेषकर बच्चे गहरे पानी की ओर न जा सकें।

—निराश्रित पशुओं को नियंत्रित करने के लिए टीमें रहेंगी तैनात

पर्व के दौरान घाटों और पूजा स्थलों पर निराश्रित पशुओं से किसी प्रकार की बाधा या दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पशु चिकित्सा विभाग की टीमों को भी सक्रिय किया गया है। ये टीमें संबंधित क्षेत्रों में निगरानी रखेंगी और निराश्रित पशुओं को नियंत्रित करने की कार्रवाई करेंगी। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान वाराणसी के सभी प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों पर स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो, जिससे व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण एवं सुविधाजनक माहौल में सूर्योपासना का अवसर मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774760 Articles

Share this story