वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में 29 सितंबर को जुटेंगे बल्क वेस्ट जेनरेटर्स

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में 29 सितंबर को जुटेंगे बल्क वेस्ट जेनरेटर्स


वाराणसी, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में ठोस अपशिष्ट के स्रोत पर ही वैज्ञानिक प्रबंधन और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम विशेष अभियान चला रहा है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली- 2026 के प्रभावी अनुपालन और बल्क वेस्ट जेनरेटर्स के अनिवार्य पंजीकरण को लेकर 29 सितंबर को सुबह नौ बजे से सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इसमें शहर के प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, आवासीय परिसर (सोसाइटियां), वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और सरकारी व निजी कार्यालय सहित सभी बल्क वेस्ट जेनरेटर्स को आमंत्रित किया गया है।

रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग (गीला व सूखा) करने, अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण व निस्तारण और नए नियमों के तहत पंजीकरण कराने की पूरी प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही उपस्थित प्रतिभागियों की शंकाओं और सवालों का समाधान भी किया जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी संस्थानों और बल्क वेस्ट जेनरेटर्स से इस कार्यशाला में समय से प्रतिभाग करने की अपील की है । साथ ही उनसे नियमावली के प्रावधानों के तहत अपने प्रतिष्ठानों का पंजीकरण कराने को कहा गया है । नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर में कचरे के अनुचित निस्तारण को रोकना और वाराणसी को एक स्वच्छ व पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाना है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story