नगर निगम के संभव जनसुनवाई में आईं 17 शिकायतें, मिला निस्तारण का भरोसा
——नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों ने रखीं अपनी समस्याएं
वाराणसी, 03 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव' जनसुनवाई के दौरान कुल 17 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इसमें मुख्य रूप से स्ट्रीट लाइट (प्रकाश), निर्माण, जलकल और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें शामिल रही। अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता के समक्ष पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर अधिकारियों ने सभी मामलों के शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण का भरोसा दिलाया।
सुनवाई में सारनाथ के मनमोहन मुरारी सिंह ने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की खराब व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई, तो वहीं शिवपुर के सुद्धीपुर के जगदीश प्रसाद भारद्वाज ने इण्टरलाकिंग कार्य कराने की मांग रखी। कन्दवा के रामेश्वर प्रसाद ने गली निर्माण और बजरडीहा के अहमद अब्दील व अब्दुल कलाम ने क्रमशः स्ट्रीट लाइट व गली निर्माण से जुड़ी शिकायतें दीं। पियरी के प्रेम शंकर ने अपने वेतन के संबंध में तथा शिवपुर के राज बहादुर सिंह ने सीवर समस्या को लेकर गुहार लगाई। दारानगर के सुरेश कुमार ने रेस्टोरेंट संचालन के संबंध में आवेदन किया, जबकि चन्दुआ छित्तुपुर के रतन चन्द वर्मा ने दाखिल-खारिज (नामान्तरण) के लिए प्रार्थना पत्र दिया। सामने घाट के सुरेन्द्र नाथ सिंह ने जल निकासी की समस्या से अवगत कराया, वहीं सिगरा के माधोपुर निवासी आनन्द कुमार ने तालाब के संरक्षण व संबंध में शिकायत दर्ज कराई। भेलूपुर के शाहीद अख्तर और एक अन्य मामले में सारनाथ के इमरान खान ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इनके अलावा धनश्याम बहादुर सिंह ने घाट से संबंधित, पाण्डेयपुर की रेखा देवी ने गली में अवैध रूप से पशु बांधने, शिवपुर की रूबी प्रजापति ने आवास योजना का लाभ दिलाने, और दीवानी कचहरी के एस.के. पाण्डेय ने नामान्तरण से संबंधित अपनी शिकायत अपर नगर आयुक्त के समक्ष रखी। अपर नगर आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय समय सीमा के भीतर सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

