कान्हा के स्वागत में निखरेगी काशी, स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने कसी कमर

WhatsApp Channel Join Now
कान्हा के स्वागत में निखरेगी काशी, स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने कसी कमर


प्रमुख मंदिरों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील इलाकों में तैनात होंगे अतिरिक्त सफाई कर्मी

वाराणसी, 31 अगस्त (हि.स.)। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और विभिन्न धार्मिक आयोजनों को देखते हुए नगर निगम ने शहर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया है।सोमवार शाम नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जन्माष्टमी की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान सैनिटेशन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहर के प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों, जुलूस के निर्धारित मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के साथ ही नालियों की तलीझाड़ सफाई कराने के निर्देश दिए। आवश्यकता वाले स्थानों पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर सड़क के पैचवर्क का काम तेजी से पूरा कराया जाए। इसके साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को विशेष रूप से उन इलाकों पर नजर रखने के निर्देश दिए, जहां पूर्व में जलभराव, गंदगी या सफाई से संबंधित शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौके पर जाकर व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जन्माष्टमी पर्व से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। नगर निगम का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान काशी में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले तथा शहर में कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story