वाराणसी शहर में दीवालों पर पेंटिंग कर गंदा करने, अवैध पोस्टर-बैनर लगाने वालों पर अब होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी शहर में दीवालों पर पेंटिंग कर गंदा करने, अवैध पोस्टर-बैनर लगाने वालों पर अब होगी कार्रवाई


-खुद नहीं हटाया तो सख्त कानूनी कार्रवाई,संस्थाओं को दी गई चेतावनी

वाराणसी, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी शहर की खूबसूरती को बिगाड़ने वाले अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग को लेकर नगर निगम प्रशासन गंभीर है। निगम प्रशासन ने शहर में बेतरतीब अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग कर प्रचार-प्रसार करने वाली संस्थाओं और लोगों पर शिकंजा कसने का निर्णय लिया है। ऐसे में अब बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थानों और दीवारों पर पोस्टर चिपकाने या पेंटिंग करने वालों की खैर नहीं होगी।

मंगलवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर की दीवारों को गंदा करने और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध होर्डिंग्स व पोस्टरों के खिलाफ जल्द ही एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पूरे शहर से अवैध प्रचार सामग्री को हटाया जाएगा और उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाली चिन्हित संस्थाओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने ऐसी सभी निजी व व्यावसायिक संस्थाओं से तत्काल अपने स्तर पर इन अवैध पोस्टर और बैनरों को हटा लेने का निर्देश दिया है। अन्यथा निगम प्रशासन इन्हें बलपूर्वक हटाएगा और इस पर आने वाला खर्च भी संबंधित संस्था से जुर्माने के रूप में वसूलेगा। नगर आयुक्त ने नागरिकों और व्यावसायिक संगठनों से काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीवारों पर किसी भी प्रकार की पेंटिंग या पोस्टर लगाने से पहले नियमानुसार निगम से अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आर्थिक दंड के साथ आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story