कंदवा में ऋषि मांडवी जोन के निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार और लापरवाही पर नगर आयुक्त सख्त, फर्म ब्लैक लिस्ट

WhatsApp Channel Join Now
कंदवा में ऋषि मांडवी जोन के निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार और लापरवाही पर नगर आयुक्त सख्त, फर्म ब्लैक लिस्ट


—कंचनपुर मियावाकी पार्क के पास बाउंड्री वॉल से सटे भवनों का गंदा पानी पार्क में छोड़े जाने पर की कड़ी आपत्ति

वाराणसी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कंदवा क्षेत्र के कंचनपुर मियावाकी हॉर्टिकल्चर निर्माणाधीन पार्क और नए ऋषि मांडवी जोन के निर्माण कार्यों में भारी लापरवाही और सुस्त रफ्तार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गंभीरता से लिया है। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद ऋषि मांडवी जोन का कार्य पूर्व स्थिति में ही मिलने और निर्माण में घटिया गिट्टी व सरिया जमीन पर रखकर जंग लगाने जैसी गंभीर कमियां मिलने पर उन्होंने सोमवार को संबंधित फर्म को ब्लैक लिस्ट कर दिया। वहीं, कंदमेश्वर इंटर कॉलेज पूर्वी पोखरा के पास भारी गंदगी और साफ-सफाई में लगातार बरती जा रही लापरवाही पर वार्ड नंबर 19 के सफाई सुपरवाइजर राजू वाल्मीकि के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की है।

मौके पर स्थलीय निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कार्यों की सुस्ती पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कंचनपुर मियावाकी पार्क में पाथवे के किनारे मिट्टी का भराव समय से कराने, एंट्री गेट के पास हैज प्लांटेशन करने और पार्क के अंदर अव्यवस्थित तालाब का डिजाइन तैयार कर एस्टीमेट के साथ प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तालाब किनारे बाउंड्री वॉल के पास छूटे हुए हैज प्लांटेशन को पूरा करने, वॉल के ऊपर सुरक्षा की दृष्टि से कटीले तार लगाने और काशी के धार्मिक व वर्ली पेंटिंग कराने को कहा। पाथवे के किनारे प्लांटेशन क्षेत्र में ग्रिल लगाने तथा एसटीपी के पूर्व बने भवन को तोड़कर रिनोवेट करते हुए स्थानीय लोगों के लिए लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव देने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण में तालाब के उत्तर की ओर बाउंड्री वॉल से सटे कुछ भवनों द्वारा सीवर चैंबर और गंदे पानी की निकासी पार्क की ओर किए जाने का मामला सामने आने पर उन्होंने इसे तत्काल बंद कर मार्ग की ओर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश जलकल को दिए। साथ ही, पार्क में कर्मकांड हेतु व्यवस्थित स्थल बनाने, जिम व बच्चों के खेल स्थल के पास लैंड फिलिंग कराने, एक और ओपन जिम का प्रस्ताव देने और आवश्यकतानुसार सोलर लाइट लगवाने के भी निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767324 Articles

Share this story