सोमवार से शुरू होगा डिजिटल जनगणना का दूसरा चरण, वाराणसी महापौर अपने आवास से करेंगे स्व-गणना की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
सोमवार से शुरू होगा डिजिटल जनगणना का दूसरा चरण, वाराणसी महापौर अपने आवास से करेंगे स्व-गणना की शुरुआत


—16 से 30 नवंबर तक खुलेगी स्व-गणना की खिड़की, घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण

वाराणसी, 15 नवम्बर (हि.स.)। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना-2027 के अगले चरण का आगाज सोमवार 16 नवंबर से होने जा रहा है। इसके तहत 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों के लिए 'स्व-गणना' (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया चलेगी। पहले दिन शहर के प्रथम नागरिक महापौर अशोक कुमार तिवारी सिगरा स्थित अपने आवास से स्वयं ऑनलाइन विवरण दर्ज कर शहरवासियों को जागरूक करने और इस अभियान की शुरुआत करने का संदेश देंगे।

अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने रविवार को बताया कि स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े कुल 40 बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। प्रशासन ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए हैं। बताया कि पूर्व में हुए पहले चरण (मकान सूचीकरण) की तर्ज पर ही नागरिक आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर स्वयं अपना और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर और नाम के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ऑनलाइन प्रश्नावली भरनी होगी। विवरण सफलतापूर्वक जमा होने पर 11 अंकों की एक विशिष्ट एसई -आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब प्रगणक घर आएंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखाने पर डेटा स्वतः सत्यापित हो जाएगा।

——इन 40 बिंदुओं की जानकारी पहले से रखें तैयार

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी के अनुसार, नागरिकों को परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता (निःशक्तता), मातृभाषा व अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक स्तर की जानकारी तैयार रखनी होगी।

इसके अतिरिक्त कामकाज व व्यवसाय की श्रेणी, उद्योग या सेवा का स्वरूप, कार्यस्थल तक की यात्रा, जन्म स्थान, पूर्व व स्थायी निवास स्थान, विवाहित महिलाओं के लिए बच्चों से जुड़े विवरण, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े 40 सवालों के जवाब देने होंगे। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सभी शहर वासियों से अपील की है कि इस अभियान में पूरा सहयोग प्रदान करें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story