डाला छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम मुस्तैद, नगर आयुक्त ने गंगाघाटों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
डाला छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम मुस्तैद, नगर आयुक्त ने गंगाघाटों का लिया जायजा


--अस्सी से रामनगर तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, जेटी लगाने और पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश

वाराणसी, 12 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में डाला छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। गुरुवार अपरान्ह नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अस्सी घाट, नया अस्सी घाट, रविदास घाट, सामने घाट से लेकर विश्व सुंदरी पुल और रामनगर स्थित बलुआ घाट (कच्चा व पक्का घाट) तक का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े तमाम इंतजामों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अस्सी घाट पर स्मार्ट सिटी द्वारा जेटी लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्सी घाट पर छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम का निर्माण तत्काल कराया जाए। नमो घाट से लेकर सामने घाट और रामनगर बलुआ घाट तक घाटों पर निरंतर उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अस्सी घाट, नया अस्सी घाट व अन्य कच्चे घाटों पर मिट्टी की लेवलिंग और ड्रेसिंग कराने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालु सुचारू रूप से पूजा-अर्चना कर सकें। इसके साथ ही, कच्चे घाटों पर दलदल वाले स्थानों पर सूखी मिट्टी और बालू की बोरियां डालकर मार्ग को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। पर्व के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त ने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। गंगा में स्नान और पूजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत फ्लोटिंग बैरिकेडिंग का कार्य तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, घाटों पर जुटने वाली भारी भीड़ के बीच वाराणसी की भव्य और सुंदर छवि को प्रदर्शित करने के लिए नगर निगम की ओर से स्वच्छ काशी-सुंदर काशी और छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाओं वाले सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे। नया अस्सी घाट पर घाट की सुंदरता को और अधिक निखारने के लिए हॉर्टिकल्चर के विशेष कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान यह बात भी सामने आई कि घाटों के किनारे कुछ स्थानों पर पशु घूम रहे थे। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों पर लगातार पशु वाहन तैनात किए जाएं, जो छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो। इसके अलावा, अस्सी घाट से लेकर नया अस्सी घाट तक पाथवे पर लोहे और लकड़ी की गुमटियों के जरिए किए गए अतिक्रमण का कड़ा संज्ञान लेते हुए उन्होंने इसे पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story