वाराणसी: होली से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटाें की हाेगी मरम्मत : महापाैर

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: होली से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटाें की हाेगी मरम्मत : महापाैर


वाराणसी: होली से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटाें की हाेगी मरम्मत : महापाैर


—महापर्व होली से पहले दुरूस्त होंगे शहर के स्ट्रीट लाइट,त्योहार बाद शुरू होगा नाला सफाई अभियान

वाराणसी, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने महापर्व होली से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है । वहीं,भीषण गर्मी की आहट से पहले ही जल संकट से निपटने के लिए शहर के कुओं की सफाई का कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अभियान में 55 कुओं की सफाई पूर्ण करा लिया गया है । जबकि 151 कुओं की सफाई की प्रकिया शुरू कर दी गई है । सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में मैदागिन स्थित टाउनहॉल भवन में आयोजित सदन ( साधारण अधिवेशन) की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जनसमस्याओं के समाधान और विकास के रोडमैप पर आधारित इस साधारण अधिवेशन में अध्यक्षता करते हुए महापौर ने मानसून के पहले जलभराव की समस्या को जड़ से मिटाने के लिए होली बाद शहर के सभी छोटे-बड़े सभी नालों की तली झाड़ सफाई कराने का निर्देश दिया । पार्षद हनुमान प्रसाद ने गर्मी के मद्देनजर सीएसआर फंड से लगे वाटर कूलरों की 15 दिन में मरम्मत और नए स्थानों के चयन का प्रस्ताव रखा, साथ ही पीडब्ल्यूडी और डूडा के कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए टीम बनाने की मांग की। इस पर उपसभापति नरसिंह दास व पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया ने प्रस्ताव पर 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी का लाभ 24 फरवरी से हर वार्ड में प्रचारित कराने का निर्णय लिया । सुरेश चौरसिया ने मांग की कि एकीकृत बिल से पूर्व के मामलों में 2023-24 से ही बिल देय हो और पीली कार्ड के नाम पर जनता को परेशान न किया जाए। इसी तरह पार्षद सीमा वर्मा ने विरदोपुर गिरी नगर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण और सुदामापुर हनुमान मंदिर के पास पेयजल संकट दूर करने के लिए 'मिनी नलकूप' लगाने की मांग की। पार्षद मदन मोहन दूबे ने पूर्व में लगाए गए पेड़ों की स्थिति, अमृत योजना के अंतर्गत ट्रांस-वरुणा में गृह कनेक्शन की प्रगति और निगम के दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन पर रिपोर्ट तलब की। वहीं, उद्यान अधीक्षक द्वारा सदन को गत वर्ष लगाए गए पौधे में सूख गए पौधों की स्पष्ट जानकारी न देने पर महापौर ने नाराजगी जताई। पार्षद राजेश यादव ने टेंडर प्रक्रिया में 10 प्रतिशत से नीचे की निविदा पर 'जस्टिफिकेशन' देने वाले नियम को हटाने पर आपत्ति जताई और इसे भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला बताया। मदन मोहन दूबे ने अमृत योजना और निगम के डिजिटलाइजेशन पर रिपोर्ट तलब की, तो सुशील गुप्ता ने स्वच्छता रैंकिंग और निगम की संपत्तियों पर कानूनी पैरवी तेज करने पर जोर दिया।

——कर के दायरे से बाहर 1000 से अधिक फ्लैट

सदन में बहुमंजिला इमारतों के टैक्स असेसमेंट पर चर्चा के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि शहर में कुल 323 बहुमंजिला इमारतें हैं, जिनमें 13,997 फ्लैट हैं। इनमें से 12,916 फ्लैट आवंटित हैं, लेकिन 1,081 फ्लैट अब भी कर के दायरे से बाहर हैं। इस पर अध्यक्ष ने सख्त निर्देश दिए कि अगले वित्तीय वर्ष से पहले इन सभी 1,081 भवनों को कर के दायरे में लाकर राजस्व वृद्धि सुनिश्चित की जाए। सदन में पशु चिकित्सा विभाग बताया कि अब तक 886 पालतू कुत्तों का पंजीकरण और 19000 आवारा कुत्तों का बन्ध्याकरण किया जा चुका है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आवारा कुत्तों के बन्ध्याकरण के लिए मेदांता से एमओयू हुआ है जो नए वित्तीय वर्ष से बन्ध्याकरण का कार्य शुरू करेगी । पार्षद इंद्रेश कुमार सिंह ने चौक क्षेत्र की घुघरानी गली में स्थित 'जनता कूप' (भवन संख्या CK 40/44) पर हुए अवैध कब्जे का मुद्दा उठाकर उसे तत्काल मुक्त कराने की मांग की।

—पुराने अभिलेखों का डिजिटलीकरण और प्रमाण पत्र

पार्षद श्याम आसरे मौर्य ने 55 साल पुराने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया पर जवाब मांगा। नगर आयुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 454 के तहत यह कार्य प्रक्रियाधीन है। बैठक से पहले नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रोजेक्टर के माध्यम में पार्षदों के संग निगम के प्रस्तावित परियोजनाओं को साझा किया ।

—आरआरआर सेंटर का उद्घाटन

बैठक के बाद महापौर ने टाउनहाल परिसर में आरआरआर सेंटर का उद्घाटन किया । इस सेंटर में कोई भी पुराने कपड़े, जूता-चप्पल व किताबें गरीबों के लिए दान कर सकता है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story