गंदगी और प्रदूषण फैलाने पर टकसाल सिनेमा प्रबंधन पर 04 हजार रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
गंदगी और प्रदूषण फैलाने पर टकसाल सिनेमा प्रबंधन पर 04 हजार रुपये का जुर्माना


गंदगी और प्रदूषण फैलाने पर टकसाल सिनेमा प्रबंधन पर 04 हजार रुपये का जुर्माना


वाराणसी, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत सार्वजनिक मार्ग पर गंदगी फैलाने के मामले में टकसाल सिनेमा प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने नदेसर राजा बाजार स्थित टकसाल सिनेमा परिसर में ध्वस्तीकरण के दौरान सड़क पर मलबा और मिट्टी फैलाने पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

ताज होटल के सामने स्थित टकसाल सिनेमा परिसर में इन दिनों तोड़-फोड़ और ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा है। आरोप है कि ध्वस्तीकरण से निकलने वाले मलबे और मिट्टी को उचित तरीके से हटाने के बजाय सड़क और आसपास के मार्ग पर फैला दिया गया। इससे क्षेत्र में गंदगी के साथ ही धूल और प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न हो गई।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षण के दौरान मामला सामने आने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। उत्तर प्रदेश ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, संचालन एवं स्वच्छता नियमावली-2021 की धारा 46 के तहत आकाश राय (टकसाल) के खिलाफ मौके पर चार हजार रुपये का स्थलीय जुर्माना लगाते हुए चालान काटा गया।

कार्रवाई के साथ ही नगर निगम की ओर से संबंधित स्थल और मार्ग पर सफाई व्यवस्था भी शुरू करा दी गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और स्वच्छता एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नगर निगम आगे भी कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story