सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण व जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने को जोनवार शिविर श्रृंखला शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण व जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने को जोनवार शिविर श्रृंखला शुरू


पहले दिन दशाश्वमेध और वरुणापार जोन में लगे शिविर, 382 सफाई मित्रों ने लिया हिस्सा

वाराणसी, 25 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम की ओर सफाई मित्रों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और शासकीय जनकल्याणकारी विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जोनवार शिविर श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इस श्रृंखला के तहत 25 सितंबर से 8 अक्टूबर तक नगर निगम के विभिन्न जोनों में कुल आठ शिविर लगाए जाएंगे। शुक्रवार काे दशाश्वमेध और वरुणापार जोन में शिविर आयोजित किए गए, जिसमें सफाई मित्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नगर निगम से प्राप्त रिपाेर्ट के मुताबिक, दोनों शिविरों में कुल 382 सफाई मित्रों ने हिस्सा लिया। उन्हाेंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वाराणसी के निर्माण में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम का प्रयास है कि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए। शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक सेवाएं सफाई मित्रों को उनके कार्यस्थल के निकट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम ने सफाई मित्रों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और पात्रतानुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story