बाढ़ आने के पूर्व गंगा पार रेती पर बिखरे कूड़े-कचरे के निस्तारण की मांग,नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ आने के पूर्व गंगा पार रेती पर बिखरे कूड़े-कचरे के निस्तारण की मांग,नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


वाराणसी, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में गंगा नदी में बाढ़ आने के पूर्व गंगा उस पार रेती में बिखरे पड़े कूड़े-कचरे के निस्तारण के लिए मंगलवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं और गंगासेवियों का प्रतिनिधि मंडल नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मिला। नगर निगम में जनसुनवाई कर रहे नगर आयुक्त को पत्र सौंपकर प्रतिनिधि मंडल ने रेती पर बिखरे कूड़े-कचरे, धार्मिक निर्माल्य को निस्तारित करने का निवेदन किया।

प्रतिनिधि मंडल में शामिल गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने नगर आयुक्त को बताया कि गंगा में बाढ़ के पूर्व यदि कचरे का निस्तारण कर दिया जाए तो बाढ़ आने पर यह सब गंगा में नहीं बहेंगे। इससे गंगा निर्मलीकरण के प्रयासों में भी चार चांद लगेंगे। गंगासेवियों ने नगर आयुक्त को यह भी भरोसा दिलाया कि नगर निगम कर्मचारियों के साथ इस कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

नगर आयुक्त ने आग्रह को स्वीकार करते हुए इस कार्य में नगर निगम की ओर से त्वरित कार्यवाही करने का निर्देश दिया। प्रतिनिधि मंडल में पुष्पलता वर्मा आदि भी शामिल रही।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story