वाराणसी में करसड़ा सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पर जाने वाली सड़क 06 फीट होगी ऊंची
—नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
वाराणसी, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पर जाने वाली सड़क 06 फीट ऊंची होगी। प्रतिवर्ष बाढ़ के समय करसड़ा प्लांट तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आवागमन एवं संचालन कार्य प्रभावित होता है।
शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने करसड़ा सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का स्थलीय निरीक्षण कर उक्त निर्देश दिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान प्लांट की कार्यप्रणाली, कूड़ा निस्तारण व्यवस्था, आरडीएफ प्रबंधन तथा लिगेसी वेस्ट निस्तारण की तैयारियों का गहनता से अवलोकन किया। इसके बाद नगर आयुक्त ने अधिकारियों एवं संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि प्लांट पर प्रतिदिन पहुंचने वाले कूड़े का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी दशा में बैकलॉग की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने विशेष रूप से आरडीएफ के समुचित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने लिगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए चयनित संस्था के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि शीघ्र ही सुनियोजित एवं चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें। समयबद्ध रूप से लिगेसी वेस्ट निस्तारण की कार्यवाही प्रारंभ की जाए, जिससे स्थल को शीघ्र व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाया जा सके।
नगर आयुक्त ने कहा कि वाराणसी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए करसड़ा प्लांट की सुचारु कार्यप्रणाली अत्यंत आवश्यक है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

