वाराणसी में पिछले 15 साल में सबसे ठंडा रहा 5 मई का दिन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में पिछले 15 साल में सबसे ठंडा रहा 5 मई का दिन


वाराणसी में पिछले 15 साल में सबसे ठंडा रहा 5 मई का दिन


मई माह के पहले सप्ताह में आग बरसाती धूप और लू से राहत,न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव

वाराणसी,05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में मई माह के पहले सप्ताह में आमतौर पर आसमान से आग बरसती है। अधिकतम तापमान भी 42-43 डिग्री के पार ही रहता है। दिन में लू के थपेड़ों और गर्म हवा से लोग बेहाल रहते है। लेकिन इस बार मौसम के बदले तेवर से लोगों को तल्ख धूप और लू से काफी राहत मिली है।

वाराणसी और पूर्वांचल के जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान भी लुढ़क गया हैं। जिसके चलते मंगलवार (5 मई) का दिन पिछले 15 वर्षों के मुकाबले काफी ठंडा दर्ज किया गया। जिसके चलते लोगों को सुबह ठंड का भी एहसास हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अधिकतम तापमान मात्र 33.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो बीते वर्षों की तुलना में सबसे कम है।

ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. रविशंकर सिंह एवं तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिवमंगल सिंह के अनुसार पिछले 15 वर्षों में 5 मई को अधिकतम तापमान सामान्यतः 37 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। वर्ष 2013 में यह 42.8 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि 2015 और 2024 में भी तापमान 41 डिग्री से ऊपर रहा। इसके मुकाबले इस बार तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें भी सामान्य उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन इस बार अधिकतम तापमान में आई गिरावट ने मौसम को अपेक्षाकृत सुहावना बना दिया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आंधी, बादल और हल्की बारिश के चलते तापमान में यह कमी आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान फिर धीरे-धीरे बढ़ सकता है, लेकिन फिलहाल इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है।

पिछले 15 वर्ष 5 मई का तापमान

वर्ष : अधिकतम तापमान : न्यूनतम तापमान

2010 : 39.8 : 26.7

2011 : 39.2 : 24.7

2012 : 38.3 : 28.3

2013 : 42.8 : 22.7

2014 : 40.0 : 20.4

2015 : 41.2 : 25.6

2016 : 37.4 : 26.5

2017 : 41.0 : 24.3

2018 : 37.0 : 25.8

2019 : 38.2 : 23.2

2020 : 38.5 : 21.4

2021 : 38.7 : 23.5

2022 : 38.4 : 23.4

2023 : 34.9 : 22.2

2024 : 41.2 : 22.0

2025 : 37.2 : 24.0

2026 : 33.0 : 23.0

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story