वाराणसी खण्ड स्नातक से सपा के आशुतोष सिन्हा ने किया नामांकन, 06 लोगों ने नामांकन पत्र लिए
वाराणसी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिये नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरुवार को वाराणसी खण्ड स्नातक से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार व निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने नामांकन किया।
तीसरे दिन ही शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजय प्रियदर्शी व ऋतिका दुबे ने अपना नामांकन किया। जबकि खंड स्नातक के लिये केदार नाथ सिंह (भाजपा), दिनेश चंद्र राय (निर्दल), राकेश कुमार श्रीवास्तव (निर्दल), जनार्दन यादव (निर्दल), राजकुमार दुबे (राष्ट्रीय समाज पक्ष) व पारस सिंह यादव (निर्दल) सहित कुल 06 तथा शिक्षक निर्वाचन हेतु अवधेश सिंह (निर्दल) ने पर्चा लिया। तीन दिनों में अब तक वाराणसी खण्ड स्नातक हेतु 26 एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए 11 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के बीच चुनाव प्रचार के लिए सम्पर्क के साथ सोशल मीडिया पर भी उम्मीदवार सक्रिय हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

