एमएलसी चुनाव : स्नातक मतदाताओं को मिलेगा मतदान के लिए अवकाश, वेतन में नहीं होगी कटौती

WhatsApp Channel Join Now
एमएलसी चुनाव : स्नातक मतदाताओं को मिलेगा मतदान के लिए अवकाश, वेतन में नहीं होगी कटौती


वाराणसी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग अधिकारी एस. राजलिंगम ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया है कि शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान के दिन पात्र स्नातक मतदाताओं को मतदान के लिए अवकाश प्रदान किया जाए।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया है कि मतदान के लिए अवकाश लेने वाले किसी भी पात्र मतदाता के वेतन में कोई कटौती नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से मतदाताओं को मतदान का अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडलायुक्त ने सभी पात्र स्नातक मतदाताओं से अपील की है कि वे शुक्रवार को मतदान के दिन अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765240 Articles

Share this story