वाराणसी मंडलायुक्त ने सदर तहसील पहुंचकर विधान परिषद चुनाव के मतदान का लिया जायजा, स्वयं भी किया मतदान
वाराणसी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के सदर तहसील में शुक्रवार को विधान परिषद के लिए हो रहे मतदान के दौरान मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा वहां मतदान कर रहे मतदाताओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मंडलायुक्त ने मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं एवं मतदान प्रक्रिया की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने मतदाताओं से मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा होने के संबंध में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने स्वयं भी अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर नितिन कुमार, सदर तहसीलदार समेत व्यवस्था में जुड़े अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने विभिन्न मतदान स्थलों, केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने वाराणसी खंड स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान को सकुशल संपन्न कराने को लेकर विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सदर तहसील, राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, क्षेत्र पंचायत कार्यालय/कार्यालय खंड विकास अधिकारी विकास खंड अराज़ीलाइन्स का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मतदान से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन कर मतदाताओं से बातचीत भी किया। उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट को कहा कि सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान संचालित रहें। उन्होंने मतदान कार्मिकों से निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि मतपेटिका खोलने, मतदान के उपरांत सील करने तथा अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सावधानीपूर्वक पालन सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

