वाराणसी: एमएलसी चुनाव में भाजपा ने कसी कमर, बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: एमएलसी चुनाव में भाजपा ने कसी कमर, बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट की तैयारी


वाराणसी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधान परिषद चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह और शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है।

प्रत्याशियों के नाम घोषित होने के बाद रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में गुरूवार को प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति को मजबूत करने और प्रत्येक पंजीकृत मतदाता तक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तर्ज पर एमएलसी चुनाव में भी संगठन का माइक्रो मैनेजमेंट प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ पन्ना प्रमुखों की भूमिका तय की जाएगी।

कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने के साथ शिक्षण संस्थानों में बैठकें करने और पार्टी की नीतियों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंजीकृत मतदाता से संपर्क और संवाद के बाद उसे मतदान केंद्र तक पहुंचाना चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के अनुसार क्षेत्रवार जिम्मेदारी देकर अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अशोक चौरसिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले एमएलसी चुनाव में जीत हासिल करना पार्टी का पहला लक्ष्य है। इसके लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी योजना एवं निष्ठा के साथ तैयारी में जुटें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story