एमएलसी चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति, बूथ प्रबंधन पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
एमएलसी चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति, बूथ प्रबंधन पर जोर


——गुलाबबाग कार्यालय में हुई बैठक में तीन विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पन्ना प्रमुख शामिल

वाराणसी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन में जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को सिगरा स्थित गुलाबबाग पार्टी कार्यालय में प्रमुख पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और मतदाताओं से संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य एवं महानगर प्रभारी अरुण पाठक ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए सटीक रणनीति और मजबूत बूथ प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पन्ना प्रमुखों से सक्रिय भूमिका निभाने और प्रत्येक मतदान केंद्र पर पार्टी की मजबूती सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को वाराणसी में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

अरुण पाठक ने एमएलसी चुनाव में मतदान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि मतदाताओं को मतपत्र पर प्रत्याशी के नाम के आगे रोमन अंक '1' यानी खड़ी पाई बनाकर मत दर्ज करने के तरीके के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही मतदाताओं को बताया जाएगा कि वे मतदान कक्ष में अपना पेन लेकर न जाएं, क्योंकि निर्वाचन आयोग की ओर से वहीं पेन उपलब्ध कराया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पिछले चुनावों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली बार अति आत्मविश्वास के कारण हुई छोटी-सी चूक से सबक लिया गया है। इस बार चुनावी तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता के घर कम से कम तीन बार संपर्क करने और पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए उन्हें प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम से काशी की इस प्रतिष्ठित सीट पर भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

——13 मंडलों के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में महानगर के तीन विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सभी 13 मंडलों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा 'दयालु', पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, पूर्व उपमहापौर संजय राय, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. नीलकंठ तिवारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह 'औढ़े' और पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुधीर मिश्रा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

बैठक का संचालन महानगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित ने प्रस्तुत किया। इस दौरान महानगर स्नातक एवं शिक्षक चुनाव संयोजक चंद्रशेखर उपाध्याय, मीडिया संयोजक प्रमील पांडेय, विकास बागी, अशोक जाटव, मधुकर चित्रांश और अवधेश राय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story