वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा के 18 कॉलेजों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी:डॉ. नीलकंठ तिवारी
—28 करोड़ की लागत से कॉलेजों को आधुनिक उपकरणों एवं संसाधनों से लैस किया जाएगा
वाराणसी,16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मंगलवार को कहा कि विधानसभा क्षेत्र के इंटर कॉलेजों को आधुनिक उपकरणों एवं संसाधनों से लैस किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देशानुसार इंटर कॉलेजों को सीएसआर फंड से धनराशि आवंटित कर कमियों को दूर कर बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। विधानसभा क्षेत्र के जिन इंटर कॉलेजों में सोलर लाइट नहीं है, उन सभी इंटर कॉलेजों में अपने विधायक निधि से 10 किलोवॉट का सोलर लाइट लगवाए जाने का उन्होंने घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहली बार एडेड विद्यालयों को आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के लिए सीएसआर से धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी सर्किट हाउस सभागार में इंटर कॉलेजों के प्रबंधकों, प्राचार्यों सहित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के 18 कॉलेजों में 2792.61 लाख की धनराशि से आवश्यकतानुसार मरम्मत, इंफ्रास्ट्रक्चर आदि बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित किए जाने के लिए विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जायेगी। विद्यालयों में विद्युत व्यवस्था के लिए सोलर पैनल, बच्चों के आधुनिक शिक्षा के लिए कम्प्यूटर, स्मार्ट क्लास, विधालयों का आवश्यकतानुसार मरम्मत, शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, ओपन जिम, ड्रेनेज, रंग रोगन आदि कार्यों के लिए सीएसआर एवं विधायक निधि से धनराशि आवंटित किया गया। विधायक तिवारी ने कार्यदायी संस्थाओ के अभियंताओं को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर इस साल के अंत तक विद्यालयों के मरम्मत एवं नवनिर्माण कार्य को प्रत्येक दशा में पूरा कराए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सभी कॉलेजों का रंग-रोग एक जैसा किए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे इनकी पहचान भी सुनिश्चित होगी। आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं प्राचार्य की मांग पर कॉलेज में नए कक्षों का निर्माण कार्य भी कराए जाने का भरोसा दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

