तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर गिरे बाइक सवार को रौंदा, मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर चट्टी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को सड़क दुर्घटना में बाइक से गिरे युवक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा आदि की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक की पहचान मिर्जापुर जिले के बरैनी गांव निवासी मयंक कुमार सिंह उर्फ सोनू (38) के रूप में हुई है। हादसे की खबर पाकर मृत युवक के परिजन भी थाने पर पहुंच गए।

मिर्जापुर बरैनी गांव के मयंक सिंह वाराणसी में निजी कम्पनी में कार्य करते थे। प्रतिदिन की भांति मयंक सुबह कार्यस्थल पर जाने के लिए अपने घर से बाइक से निकले थे। मयंक लालपुर चट्टी के पास पहुंचे ही थे कि अचानक पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में घायल मयंक सड़क पर गिर गए। जब तक वे सड़क पर से उठकर किनारे आते अचानक आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सड़क के किनारे रखवा कर मृतक की पहचान की। परिजनों को घटना की सूचना देकर पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के सहारे दुर्घटना करने वाले दो वाहनों की पहचान में जुट गई है। परिजनों के अनुसार मयंक की दो वर्ष पहले शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और चार माह का एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story