एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का मजबूत सामाजिक कवच: आनंदीबेन पटेल

WhatsApp Channel Join Now
एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का मजबूत सामाजिक कवच: आनंदीबेन पटेल


- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिला नया संबल

वाराणसी, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को वाराणसी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। इस अवसर पर सरकार द्वारा संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वयं बालिकाओं को टीकाकरण के उपरांत प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आराध्या शाह, अदिति कुमारी, मिहिका, रोशनी पटेल, शबनम खातून एवं पलक को राज्यपाल द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने वाला एक प्रभावी एवं सुरक्षित सामाजिक सुरक्षा कवच है। उन्होंने बालिकाओं एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा, डरिए मत, आप सामना कीजिए। यह वैक्सीन आपकी सुरक्षा के लिए है।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोधों से यह सिद्ध हो चुका है कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में सुरक्षित एवं प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रांति अथवा अनावश्यक आशंकाओं से दूर रहने तथा अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने समाज में बेटों और बेटियों के बीच भेदभाव की मानसिकता समाप्त करने पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों एवं संस्थाओं से भी इस अभियान में सहयोग एवं आर्थिक योगदान देने की अपील की, जिससे कोई भी बेटी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान कमिश्नरी सभागार में 155 बालिकाओं तथा रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 96 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस. एस. कन्नौजिया सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story