मेटा की सतर्कता से चोलापुर पुलिस ने युवक की जान बचाई, आत्महत्या करने का किया था पोस्ट

WhatsApp Channel Join Now


—वीडियो पोस्ट किया था आज आखरी रात है मेरी, कोई काल नहीं करना क्योंकि मैं ज़हर खा लिया

वाराणसी, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में रविवार को मेटा कम्पनी द्वारा भेजे गये अलर्ट का संज्ञान लेकर चोलापुर पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक की जान बचाई। युवक ने सोशल साइट इंस्टाग्राम पर आत्महत्या सम्बन्धी वीडियो पोस्ट किया था। युवक ने लिखा था कि आज आखरी रात है मेरी, कोई काल नही करना क्योंकि मैं ज़हर खा लिया।

पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने मेटा के एलर्ट पर तत्काल कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। मेटा कम्पनी द्वारा भेजे गये अलर्ट का संज्ञान लेकर सोशल मीडिया सेल ने प्राप्त अलर्ट में उपलब्ध कराये गये मोबाइल नम्बर के आधार पर तत्काल पीड़ित की लोकेशन की जानकारी कर थाना चोलापुर को अवगत कराया। उपलब्ध कराई गई सूचना एवं लोकेशन पर थाना चोलापुर के उपनिरीक्षक अवनीश मिश्रा व आरक्षी विकास शर्मा मात्र 17 मिनट के अन्तराल में युवक के घर पर पहुंच गए । पुलिस कर्मियों ने परिजनों के साथ युवक के पास पहुंचकर देखा कि वह एक ग्लास में वह कुछ घोल कर पी रहा था । युवक के पास में ही एक कीटनाशक पैकेट का खाली रैपर पड़ा था, पुलिस कर्मियों ने युवक से वह ग्लास छीन लिया । पूछने पर युवक ने बताया कि वह कीटनाशक घोलकर पी रहा था। बताते—बताते युवक जोर-जोर से रोने लगा। पुलिस कर्मियों ने परिजनों के सहयोग से युवक का घरेलू प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद युवक के सामान्य होने के उपरान्त पुलिस कर्मियों ने पूछताछ कि तो युवक ने बताया कि मजदूरी का कार्य करता है और एक लड़की से प्रेम करता है । किन्तु लड़की उससे बात करना नही चाहती । जिस कारण वह अवसाद में था । इसी कारण उसके मन में आत्महत्या का विचार उत्पन्न हुआ और उसने ये कदम उठा लिया। युवक के परिजनों ने थाने के पुलिसकर्मियों की तत्परता तथा उनके सहयोग के लिए आभार जताया।

बताते चले, उत्तर प्रदेश पुलिस एवं मेटा कम्पनी के मध्य 2022 से प्रचलित व्यवस्था के अंतर्गत यदि कोई भी व्यक्ति फेसबुक अथवा इंस्टाग्राम पर आत्महत्या किए जाने से सम्बंधित पोस्ट करता है तो ऐसी पोस्ट के सम्बंध में मेटा कम्पनी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को ई-मेल एवं फोन के माध्यम से अलर्ट भेजकर सूचित किया जाता है ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story