वाराणसी में महावीर जयंती पर बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें, पशु वधशालाएं भी प्रतिबंधित रहेगी

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में महावीर जयंती पर बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें, पशु वधशालाएं भी प्रतिबंधित रहेगी


वाराणसी, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में महावीर जयंती के अवसर पर 31 मार्च (मंगलवार) को शहर की मांस, मछली और मुर्गे की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। प्रदेश शासन के इस आदेश का कड़ाई से पालन के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार शाम को निर्देश दिया।

शासन ने तीर्थंकर महावीर जन्म कल्याणक (महावीर जयंती) के दिन धार्मिक भावनाओं के सम्मान और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेश की सभी पशुवधशालाओं में पशु वध पर रोक लगा दी है।

साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर मांस आदि की बिक्री को भी प्रतिबंधित किया गया है। शासन के निर्देश पर नगर निगम ने शहर की मांस, मछली और मुर्गे की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया है।

नगर निगम सीमा के भीतर सभी पशुवधशालाएं भी प्रतिबंधित रहेगी । पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. संतोष पाल ने बताया कि यदि 31 मार्च को कोई भी दुकान खुली पाई गई या नियमों का उल्लंघन हुआ, तो संबंधित दुकानदारों और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story