महिला कजली महोत्सव : मेहदीगंज गांव की महिलाओं ने मारी बाजी, जीवंत हुई काशी की लोक कला

WhatsApp Channel Join Now


वाराणसी, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को आयोजित महिला कजली महोत्सव में काशी की लोककला फिर जीवंत हुई। कजली महोत्सव में महिलाओं ने पारम्परिक गीतों के साथ-साथ देश भक्ति ,मनरेगा , शिक्षा, महिला हिंसा, मौजूदा समय में महिलाओं की स्थिति, भ्रष्टाचार जैसे सामयिक मुद्दों पर गीतों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। दिन भर चले महोत्सव में गांव गिरांव की महिलाओं ने बढ़-चढ कर हिस्सा लिया। सभी ने सधे स्वर में कजरी सुनाई जिसे सुन वहां मौजूद श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए। प्रतियोगिता कब खत्म हो गई पता ही नहीं चला।

लोक समिति वाराणसी के तत्वावधान में महिला कजली महोत्सव के दौरान सेवापुरी ब्लॉक से मेहदीगंज गाँव की महिलाएं प्रथम स्थान पर रही। दूसरे स्थान पर अफजलपुर और तीसरे स्थान पर देउरा की टीम रही। कार्यक्रम में करीब 60 गाँवों की महिलाओं ने भारी संख्या में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। विजेता टीम के सभी सदस्यों को क्रमशः शील्ड, कंडाल,जग, बाल्टी तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाली अन्य टीमों को थाली के रूप में सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में वाराणसी जिले के अलग-अलग गांवों से महिला स्वयं सहायता समूह की कुल 32 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल, प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार, लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम शैलेन्द्र कुमार, एसडीएम अविनाश अग्रवाल और नागेपुर शाखा प्रबन्धक इन्द्र मोहन ने दीप प्रज्वलन कर किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story