वाराणसी में अब मुफ्त मिलेगा पौधा और ट्री-गार्ड, घर आकर रोपेगी नगर निगम की टीम

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में अब मुफ्त मिलेगा पौधा और ट्री-गार्ड, घर आकर रोपेगी नगर निगम की टीम


-प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित काशी को पुनः आनंद-कानन' बनाने की पहल-स्मार्ट काशी एप से नागरिक करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

वाराणसी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में नगर निगम शहर को पुनः उसके प्राचीन स्वरूप 'आनंद-कानन' के रूप में विकसित करने के लिए नई पहल की है। इस पहल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत निगम शहरवासियों को नि:शुल्क पौधा और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराएगा। शुक्रवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।

दोनों ने संयुक्त रूप से बताया कि अपनी कॉलोनी, मोहल्ले, पार्क या घर में पौधा लगाने का इच्छुक कोई भी नागरिक महापौर कार्यालय से संपर्क कर सकता है। उन्होंने बताया कि एक पौधे और उसके ट्री-गार्ड पर होने वाले लगभग 2,740 रुपये के कुल खर्च का निर्वहन नगर निगम स्वयं करेगा। निगम की टीम न केवल पौधा लगाएगी और ट्री-गार्ड स्थापित करेगी, बल्कि गड्ढा खोदने और पौधों की नियमित देखभाल के लिए 'पालक' का नाम भी दर्ज कराएगी।

महापौर ने बताया कि पिछले वर्षों में चलाए गए पौधारोपण अभियानों के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024–25 में लगाए गए आठ हजार पौधों में से 5,543 पौधे जीवित हैं, जबकि वर्ष 2025–26 में रोपे गए बीस हजार पौधों में से रिकॉर्ड 19,269 पौधे पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस वर्ष ट्री-गार्ड के साथ 25,000 नए पौधे लगाने का लक्ष्य तय कर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि अब तक उत्तरी विधानसभा में सर्वाधिक 10,305 पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा रोहनिया में 6,713, कैंट में 6,236 और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 4,746 पौधे ट्री-गार्ड के साथ रोपे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उपवन योजना के तहत सारंग तालाब भीटा पर 35,000 और कंचनपुर अखाड़ा पार्क में 15,000 पौधे रोपे जा चुके हैं। नए वित्तीय वर्ष में शहर के सभी आठ जोनों में 25,000 ट्री-गार्ड की स्थापना और अगले दो वर्षों तक उनके रखरखाव के लिए 7.45 करोड़ रुपये तथा सारंग तालाब में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने के लिए 1.29 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। वहीं एक मार्च, को सूजाबाद डोमरी में गंगा किनारे महज एक घंटे के भीतर 2,51,446 पौधे लगाकर उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराने में सफल रहा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नागरिक पौधा प्राप्त करने के लिए 'स्मार्ट काशी ऐप' की मदद भी ले सकते हैं। ऐप पर आवेदक को अपना वार्ड संख्या, मोहल्ला/कॉलोनी, मकान नंबर और फोन नंबर दर्ज कराकर पौधे की डिमांड करनी होगी। इसके बाद निगम कर्मी स्वयं आवेदक के घर या बताए गए स्थान पर पहुंचकर पौधा रोपेंगे। नगर निगम मुख्य रूप से मौलश्री, अमलतास, नीम, अर्जुन, पीपल, पाकड़, बरगद और गुलमोहर जैसी पारंपरिक व छायादार प्रजातियों के पौधे उपलब्ध करा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story