वाराणसी महापौर ने बीएलडब्ल्यू परिसर में रोपे विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी महापौर ने बीएलडब्ल्यू परिसर में रोपे विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे


वाराणसी महापौर ने बीएलडब्ल्यू परिसर में रोपे विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे


-एक पेड़ मां के नाम’ अभियान,इस मानसून सत्र में नगर निगम का शहर में 25,000 पौधा लगाने का लक्ष्य- सुरक्षा के लिए जियो ट्रैकिंग के साथ 'पालक' भी चयनित

वाराणसी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के आह्वान से प्रेरित होकर नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल की है। इस मानसून सत्र में निगम ने शहर में करीब 25,000 पौधे लगाने का विशाल लक्ष्य तय किया है। अभियान की कड़ी में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में नीम, पीपल, गुलमोहर और पकड़ सहित विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपकर पौधरोपण की शुरुआत की। बीएलडब्ल्यू परिसर के भीतर अगले दस दिनों के अंदर कुल 2,000 पौधे रोपे जाएंगे।

निगम केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण का भी पूरा ध्यान रख रहा है। पौधों के बेहतर विकास और सुरक्षा के लिए निगम प्रशासन ट्री-गार्ड उपलब्ध कराने के साथ ही पहले से गड्ढे भी खुदवा रहा है। इसके अलावा, रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर नागरिकों को 'पालक' बनाकर उनकी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

बीएलडब्ल्यू परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह 'औढ़े' सहित भाजपा पार्षद सुरेश पटेल, रविंद्र सिंह, मदन मोहन तिवारी, अजय बिंद, अमित सिंह चिंटू, श्याम भूषण शर्मा, महेंद्र पटेल, गोपाल पटेल, अतुल पांडेय और कल्लू पहलवान ने भी पौधे लगाए। इस अवसर पर जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय, भारतीय मजदूर संघ (रेलवे) के प्रभात सिंह, केएन तिवारी, राकेश पांडेय, संयुक्त नगर आयुक्त व उद्यान प्रभारी कृष्ण चंद्र एवं क्षेत्रीय पार्षद भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story