मदनपुरा अग्निकांड: पीड़ित प्रजापति परिवार से मिले कांग्रेस नेता, आर्थिक सहायता की मांग
वाराणसी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के मदनपुरा क्षेत्र में हार्डवेयर की दुकान में लगी भीषण आग से प्रभावित प्रजापति परिवार से शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने हार्डवेयर व्यवसायी चंदन प्रजापति से मुलाकात कर अग्निकांड की जानकारी ली और परिवार का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि आग की इस घटना में परिवार को भारी नुकसान हुआ है। हादसे में परिवार के दो सदस्य झुलस गए हैं, जिनका उपचार कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने दोनों घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
चौबे ने कहा कि अग्निकांड के कारण प्रजापति परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। एक ओर परिवार के दो सदस्य अस्पताल में उपचार करा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दुकान में हुए नुकसान से उनकी आजीविका भी प्रभावित हुई है। ऐसे कठिन समय में परिवार को सहारे की जरूरत है। सरकार और जिला प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रशासन आग से हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराकर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए। साथ ही, मंडलीय अस्पताल में भर्ती दोनों भाइयों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इलाज में किसी तरह की कमी न रहे। चौबे ने कहा कि पीड़ित परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए हरसंभव सरकारी सहायता दी जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, रोहित दुबे, अभिषेक चौरसिया सहित अन्य लोग शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

