वाराणसी : कांग्रेस ने मां गंगा का किया दुग्धाभिषेक, आरती उतार कर की निर्मलता और अविरलता की कामना
वाराणसी, 04 नवंबर (हि. स.)। गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने की वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी शहर में बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से शीतला घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान विधि-विधान से आरती उतारी गई और मां गंगा की निर्मलता, स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखने की कामना की गई। कार्यक्रम में घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का संयोजन महानगर कांग्रेस महासचिव प्रमोद वर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि सेवादल प्रमुख प्रमोद पाण्डेय ने कहा कि 5 नवंबर 2008 को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किया था। यह निर्णय देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि इसी परंपरा के तहत वाराणसी में कांग्रेसजनों द्वारा प्रतिवर्ष शीतला घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर उनकी स्वच्छता और अविरलता की कामना की जाती है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित कर उसे राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान और सम्मान दिलाया था।
उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता और निर्मलता सुनिश्चित करने के लिए केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए ठोस प्रयासों, जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी की आवश्यकता है।चौबे ने कहा कि गंगा की अविरल धारा, निर्मल जल और स्वच्छ तटों का संरक्षण हम सभी का दायित्व है। कांग्रेसजन मां गंगा की गरिमा, पवित्रता और संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। कार्यक्रम में सतनाम सिंह, प्रमोद वर्मा, प्रवीण प्रकाश, वकील अंसारी, देवेंद्र सिंह, मनोज द्विवेदी, नरसिंह दास, आकाश त्रिपाठी, सदानंद तिवारी, मो. इस्लाम, विनोद शुक्ला, प्रवीण सिंह, दीपक यादव, शशि सोनकर, गोपाल चौबे, मदन यादव और शकील जादूगर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

