लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में 15 लोगों की मौत पर काशी में शोक, गंगा आरती में दी गई श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में 15 लोगों की मौत पर काशी में शोक, गंगा आरती में दी गई श्रद्धांजलि


वाराणसी, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की दर्दनाक मौत से काशी में भी शोक की लहर व्याप्त है। इस हृदयविदारक घटना पर मंगलवार शाम दशाश्वमेध घाट पर आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती के दौरान मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

गंगा सेवा निधि के तत्वावधान में आयोजित आरती से पूर्व संस्था के अर्चकों एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद गंगा में दीपदान कर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से मृतकों को मोक्ष प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया क्षेत्र के एनीमेशन कोचिंग सेंटर में सोमवार को हुए इस भीषण अग्निकांड की चर्चा आरती स्थल पर भी होती रही। आरती में शामिल श्रद्धालु घटना को लेकर गमगीन नजर आए और मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story