आयुध भंडार प्रयागराज सेना परिवार के जल से श्री काशी विश्वनाथ का अभिषेक
वाराणसी, 21 फरवरी (हि.स.)। धर्मनगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में शनिवार को आस्था और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयुध भंडार प्रयागराज के सेना परिवार की ओर से भेजे गए मौनी अमावस्या तिथि पर्व के जल तथा सरस्वती कूप के पवित्र जल से बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का विधिवत जलाभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस विशेष अनुष्ठान में उपस्थित सेना के अधिकारियों और सदस्यों ने पूर्ण श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति भाव से भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया।
मौनी अमावस्या के शुभ अवसर पर प्राप्त पवित्र जल से अभिषेक कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और समग्र कल्याण की कामना की गई।
मंदिर न्यास के अनुसार इस धार्मिक आयोजन के मूल में “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की उदात्त भावना निहित है। सेना परिवार ने देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों, उनके परिजनों तथा समस्त देशवासियों के मंगलमय और सुरक्षित जीवन के लिए विशेष प्रार्थना की। उपस्थित सभी सदस्यों ने यह संकल्प भी लिया कि वे राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक जागरूकता के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहेंगे तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

