मकर संक्रांति पर 'पीडीए' लिखी पतंगें उड़ाकर सपा कार्यकर्ताओं ने दिया सियासी संदेश

WhatsApp Channel Join Now
मकर संक्रांति पर 'पीडीए' लिखी पतंगें उड़ाकर सपा कार्यकर्ताओं ने दिया सियासी संदेश


—रविदास घाट पर जुटे कार्यकर्ताओं ने पतंग पर लिखा बदलने को सरकार, पीडीए तैयार

वाराणसी, 14 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बदलाव का संदेश देना शुरू कर दिया है। मकर संक्रांति पर्व पर बुधवार को पतंगबाजी के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 'पीडीए' लिखी पतंगें उड़ाकर इसका संकेत दिया।

रविदासघाट पर दोपहर में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए 'बदलने को सरकार पीडीए है तैयार' लिखी पतंगे उड़ाई।

कार्यकर्ताओं ने बनारसी अंदाज में पंतगबाजी की मस्ती के बीच इस विशेष पतंग को खुले नीले आसमान में उड़ाया। पार्टी के युवा कार्यकर्ता प्रदीप यादव ने मीडिया कर्मियों को बताया कि पीडीए को लेकर जो राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सोच है उसे विस्तार देकर हम सभी कार्यकर्ताओं ने इस विशेष पतंग को तैयार करवाया। इस पतंग को सबसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लखनऊ कार्यालय पर जाकर दिया गया। इस पहल की सराहना करते हुए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस कार्य के लिए सोशल मीडिया

का सहयोग लेने की बात कही। उनके इस निर्देश पर पीडीए पतंग के जरिए बदलाव के संदेश को पूरे प्रदेश में फैलाया जा रहा है।

प्रदीप यादव ने बताया कि इस पंतग को कार्यकर्ताओं के बीच वितरित किया गया। पार्टी अध्यक्ष ने इस पतंग की तस्वीर अपने सोशल मीडिया के अधिकृत अकाउंट पर शेयर कर मकर संक्रांति पर्व की बधाई पूरे प्रदेश को दिया है। अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि मकर संक्रांति पर्व एकता और भाईचारे का प्रतीक भी है। इस दिन पतंग उड़ाना एक पुरानी परम्परा है, जिसे सपा कार्यकर्ताओं ने अपने राजनीतिक संदेश के साथ जोड़कर पूरे उत्साह के साथ मनाया और पार्टी का संदेश भी आम लोगों तक पहुंचाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story