वाराणसी : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन कोर्ट का हुआ लोकार्पण
—प्रदेश में पहली बार किसी विधानसभा में खुला इंडोर बैडमिंटन कोर्ट
वाराणसी, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पहली बार शहर दक्षिणी विधानसभा के दुर्गाकुण्ड वार्ड के ब्राह्मनन्द नगर कालोनी में रविवार को इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण किया गया। खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें विश्वस्तरीय मंच देने के उद्देश्य से दुर्गाकुण्ड वार्ड में एक करोड़ तीस लाख की लागत से तैयार इंडोर बैडमिंटन कोर्ट को प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया। इसके साथ ही कालोनी के पार्क में ओपन जिम की भी शुरूआत हुई। इस अवसर पर डा. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि यह अत्याधुनिक कोर्ट युवाओं व कालोनी के बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रतिस्पर्धाओं की तैयारी के लिए उपयुक्त वातावरण मिलेगा। इस कोर्ट की खासियत यह है कि अब खिलाड़ी यहाँ रात्रिकालीन अभ्यास भी कर सकेंगे । जिससे उनके ट्रेनिंग में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी। यह सुविधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में साबित होगी।
डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के एतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण हुएं, वहीं दूसरी ओर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रुप में नरेन्द्र मोदी का लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल भी पूर्ण हुआ। विधायक ने कहा कि देश व देशवासियों के लिए ये दोनों ही एतिहासिक उपलब्धियां है। बैडमिंटन कोर्ट के अलावा कई सडक, पार्क, गलियां, विद्यालय, डीजिटल लाइब्रेरी का शिलान्यास/लोकार्पण हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा से युवाओं को खेलने के प्रेरित करते रहते है। जिसका परिणाम है कि आज देश के युवा दुनियां भर में देश का नाम रोशन कर रहे है। इस बैडमिंटन कोर्ट से स्थानीय खिलाडियों को तो लाभ मिलेगा ही साथ ही लोगों को फिट रहने में सहयोगी होगा।
—कोर्ट पर उतरे विधायक, लगाए शाट
इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के औपचारिक उद्घाटन के बाद यहां अलग नजारा देखने को मिला। विधायक डॉ नीलकंठ ने स्वयं रैकेट थामकर कोर्ट पर हाथ आजमाया। बैडमिंटन खेलकर कोर्ट की उन्नत तकनीकी सुविधाओं व फ्लोरिंग की गुणवत्ता को परखा। वहाँ उपस्थित लोगों ने तालियाँ बजाकर अपने जनप्रतिनिधि का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक डा. नीलकंठ तिवारी ने वार्ड में अन्य कई विकास की योजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण भी किया। जिसकी लागत मूल्य लगभग 07 करोड़ है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद कुमार मिश्रा ने व स्वागत स्थानीय पार्षद अक्षयबर सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन भाजपा के मंडल प्रभारी डा वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस मौक़े पर भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष डॉ आलोक श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष प्रभात कुमार सिंह, जिला मंत्री दिलीप साहनी ,विधानसभा के तीनों मंडल अध्यक्ष कमशः राजीव सिंह 'डब्बू', बबलू सेठ, तारकेश्वर गुप्ता 'बंटी' भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

