केन्द्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पार्टी के कार्यकर्ताओं संग बैठक की, कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
केन्द्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पार्टी के कार्यकर्ताओं संग बैठक की, कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह


वाराणसी में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी बैठक में पार्टी संगठन के विस्तार और मजबूती पर मंथन

वाराणसी, 07 जून (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने रविवार को वाराणसी में अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई अ) के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी बैठक में भाग लिया। बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के साथ पार्टी संगठन के विस्तार पर केन्द्रीय मंत्री ने खासा जोर दिया।

सर्किट हाउस में बैठक के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का उत्साह भी बढ़ाया। बैठक में उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि समय कम है और चुनौतियाँ बड़ी हैं, इसलिए हम सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में और अधिक सक्रिय होने की आवश्यकता है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि शोषित, वंचित और पीड़ित समाज की ढाल बनकर खड़ा है। अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करना और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना ही हमारा एकमात्र ध्येय है। अन्य वक्ताओं ने भी संगठन को और मजबूत करने पर बल दिया। इसके पहले केन्द्रीय मंत्री व रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले का पार्टी के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में रिपब्लिकन पार्टी बहुत ज़्यादा सीटों की मांग नहीं कर रही है, लेकिन हम लगभग 20-25 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को लखनऊ में एक बड़ी रैली होगी। जिसमें हमारा प्रयास 01 लाख लोगों को एकजुट करने का है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story