केन्द्रीय पर्यटन सचिव डॉ श्रीवत्स कृष्णा ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

WhatsApp Channel Join Now
केन्द्रीय पर्यटन सचिव डॉ श्रीवत्स कृष्णा ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी


——श्री काशी विश्वनाथ धाम में उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा,कॉरिडोर क्षेत्र में किया भ्रमण

वाराणसी, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सोमवार को केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा ने हाजिरी लगाई। मंदिर के गर्भगृह में केन्द्रीय सचिव ने बाबा का अभिषेक कर विधिवत दर्शन पूजन किया। इस दौरान उन्होंने विधिपूर्वक पूजन-अर्चन कर देश एवं प्रदेश की समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगलकामना की।

दर्शन पूजन के बाद डॉ. कृष्णा ने सम्पूर्ण कॉरिडोर क्षेत्र का भ्रमण किया तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का पर्यटन की दृष्टि से विस्तृत अवलोकन एवं आंकलन किया। उन्होंने मंदिर में व्यवस्थाओं, स्वच्छता, सुगमता तथा श्रद्धालु सेवाओं की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। मंदिर न्यास के अनुसार केन्द्रीय सचिव ने काशी एवं प्रयागराज के मध्य विकसित अभिनव धार्मिक एवं सांस्कृतिक नवाचार के अंतर्गत श्री कुम्भेश्वर महादेव मंदिर के भी दर्शन किए। उन्हें बताया गया कि श्री कुम्भेश्वर महादेव के दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं को कुम्भ स्नान के समान पुण्य लाभ की प्राप्ति होती है। इस आध्यात्मिक महत्त्व को जानकर उन्होंने श्रद्धा एवं विस्मय के साथ भगवान् श्री कुम्भेश्वर महादेव की आराधना की।

केन्द्रीय सचिव ने धाम स्थित श्री सत्यनारायण जी विग्रह के समीप नव-निर्मित कक्ष में स्थापित पंचबदन प्रतिमा के दर्शन एवं आरती कर पूजन अर्चन किया। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों ने उन्हें धाम की व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story