केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने काशी विश्वनाथ मंदिर में लगाई हाजिरी

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने काशी विश्वनाथ मंदिर में लगाई हाजिरी


वाराणसी,26 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ दरबार में विधिवत हाजिरी लगाई। दो दिवसीय दौरे पर शहर आए केंद्रीय मंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पावन ज्योर्तिलिंग का अभिषेक कर विधि विधान से पूजा अर्चना की। मंदिर में दर्शन पूजन के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने बाबा विश्वनाथ से देश में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

दर्शन पूजन के बाद मंदिर के बाहर पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने सभी से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए अपील की। आगामी होली पर्व की शुभकामना देते हुए कहा कि भगवान शिव सभी पर कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मामले से जुड़े सवाल को टालते हुए कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, जिसमें सभी को गिले-शिकवे भूलकर प्रेम से एक साथ मिलकर होली मनानी चाहिए। यह त्योहार हमें एकता और भाईचारे का संदेश देता है। केंद्रीय मंत्री ने काशी के सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक महत्व का जिक्र कर कहा कि काशी भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

इसके पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि भगवान शिव की पावन नगरी काशी में श्री बाबा विश्वनाथ जी के दर्शन पूजन से मन अलौकिक उर्जा से भर गया। देवाधिदेव महादेव का आर्शीवाद हम सभी पर बना रहे,सभी के जीवन में सुख शांति एवं समृद्धि का वास हो, यहीं कामना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story