दवा की असली सफलता सही मरीज तक सही मात्रा में किफायती दाम पर पहुंचने में : डॉ. राज भूषण चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
दवा की असली सफलता सही मरीज तक सही मात्रा में किफायती दाम पर पहुंचने में : डॉ. राज भूषण चौधरी


दवा की असली सफलता सही मरीज तक सही मात्रा में किफायती दाम पर पहुंचने में : डॉ. राज भूषण चौधरी


बीएचयू में काशीफार्माकॉन-2026 का शुभारंभ, प्रिसिजन मेडिसिन और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस पर दिया जोर

वाराणसी, 29 नवंबर (हि.स.)। किसी दवा की वास्तविक सफलता केवल उसकी खोज या निर्माण में नहीं, बल्कि सही मरीज को सही मात्रा में किफायती दाम पर उपलब्ध कराने में है। दवाओं का उपयोग मरीज की जरूरत के अनुरूप होना चाहिए। यह बातें केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन काशीफार्माकॉन-2026 के उद्घाटन समारोह में कहीं।

बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थित के.एन. उडुपा सभागार में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. चौधरी ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक डॉक्टर और फार्माकोलॉजी के विद्यार्थी के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत जेनेरिक दवाओं की आपूर्ति कर रहा है। यह देश की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन अब भारत को केवल जेनेरिक दवाओं के उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। नए मॉलिक्यूल और आधुनिक उपचार पद्धतियों की खोज के जरिए उसे 'लैबोरेटरी ऑफ द वर्ल्ड' बनने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

डॉ. चौधरी ने दवा अनुसंधान में पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि पारंपरिक चिकित्सा संबंधी ज्ञान को वैज्ञानिक कसौटियों पर परखना और प्रमाण आधारित उपचार को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रिसिजन मेडिसिन को भविष्य की चिकित्सा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि मरीज की व्यक्तिगत जरूरत, बीमारी की प्रकृति और दवाओं के प्रभाव को ध्यान में रखकर उपचार की दिशा तय की जानी चाहिए।

उन्होंने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (दवाओं, विशेषकर एंटीबायोटिक्स के प्रति सूक्ष्मजीवों की प्रतिरोधक क्षमता) को गंभीर चुनौती बताते हुए दवाओं के तर्कसंगत इस्तेमाल की आवश्यकता रेखांकित की। उन्होंने कहा कि दवाओं का अनावश्यक और अनुचित उपयोग रोकना चिकित्सा जगत की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने सम्मेलन के विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते चिकित्सा परिदृश्य में भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए फार्माकोलॉजी में अनुसंधान, नई तकनीकों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने सम्मेलन के आयोजन के लिए फार्माकोलॉजी विभाग की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यहां होने वाली चर्चाएं, शोध-पत्रों की प्रस्तुतियां और ज्ञान का आदान-प्रदान चिकित्सा एवं औषधि विज्ञान के क्षेत्र में नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

इस अवसर पर 'एसेंशियल्स ऑफ मेडिकल फार्माकोलॉजी' के लेखक प्रो. (डॉ.) के.डी. त्रिपाठी को औषधि विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

सम्मेलन का आयोजन बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के औषधि विज्ञान विभाग की ओर से किया जा रहा है। इसका विषय 'बियॉन्ड अलर्ट्स : प्रेडिक्टिव इंटेलिजेंस फॉर रेशनल फार्माकोथेरेपी' है। आयोजन में आईजीआईएमएस, पटना के औषधि विज्ञान विभाग तथा एएसपीआईजीआईएमएस की प्रमुख भूमिका है। एम्स पटना, एनएसएमसीएच बिहटा, रिम्स रांची, एचआईएमएस वाराणसी और जीएमसी डूंगरपुर भी सहयोग कर रहे हैं।

कार्यक्रम में आयोजन अध्यक्ष प्रो. ललित मोहन और संयोजक प्रो. मनीष कुमार ने भी विचार व्यक्त किए। फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव प्रो. किरण राजेन्द्र गिरि ने सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।

इस मौके पर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार, चिकित्सा संकाय प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता, विशिष्ट अतिथि प्रो. बिंदे कुमार, प्रो. एन.आर. बिश्वास, प्रो. ओम कुमार और प्रो. हरिहर दीक्षित समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, वरिष्ठ संकाय सदस्य, शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785535 Articles

Share this story