काशी विश्वनाथ धाम में मां भगवती की आराधना, नवदुर्गा सप्तशती का पाठ संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
काशी विश्वनाथ धाम में मां भगवती की आराधना, नवदुर्गा सप्तशती का पाठ संपन्न


वाराणसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में मां भगवती की विधिवत आराधना की गई। इस अवसर पर पूरे दिन नवदुर्गा सप्तशती का पाठ हुआ। अनुष्ठान के उपरांत शक्तिपीठ मां विशालाक्षी मंदिर के निमित्त श्रृंगार सामग्री भगवान श्री विश्वेश्वर अर्थात् बाबा विश्वनाथ को विधि-विधानपूर्वक अर्पित कर समर्पित की गई।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार, धाम में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान जगत जननी मां दुर्गा की स्तुति की गई और बाबा विश्वनाथ की कृपा प्राप्ति के लिए मंगलकामना की गई। मां विशालाक्षी के श्रृंगार के निमित्त समर्पित सामग्री को बाबा विश्वनाथ के चरणों में अर्पित करने की परंपरा के माध्यम से देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा और समर्पण का भाव प्रकट किया गया।

नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इन धार्मिक अनुष्ठानों से श्री काशी विश्वनाथ धाम का वातावरण भक्तिमय बना रहा। मां भगवती की आराधना, नवदुर्गा सप्तशती के पाठ और विधिवत पूजन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा एवं बाबा विश्वनाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761624 Articles

Share this story