काशी तमिल संगमम 5.0: तमिल छात्रों के दल ने सारनाथ में किया भ्रमण, देखी बौद्ध विरासत

WhatsApp Channel Join Now
काशी तमिल संगमम 5.0: तमिल छात्रों के दल ने सारनाथ में किया भ्रमण, देखी बौद्ध विरासत


— 250 छात्रों के दल ने भगवान बुद्ध के उपदेशों और बौद्ध विरासत को करीब से जाना

वाराणसी, 29 नवम्बर (हि.स.)। काशी तमिल संगमम् 5.0 में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से काशी पहुंचे करीब 250 छात्रों का दल रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में अकादमिक सत्र में हिस्सा लेने के बाद शाम को सारनाथ पहुंचा। यहां छात्रों ने बौद्ध धर्म की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को करीब से जाना। उन्होंने भगवान बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों और बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया।

सारनाथ पहुंचने पर छात्रों ने सबसे पहले धामेक स्तूप और उस ऐतिहासिक स्थल का अवलोकन किया, जहां मान्यता के अनुसार, भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद अपने पांच शिष्यों को पहला उपदेश दिया था। इस घटना को बौद्ध धर्म में ‘धर्मचक्र प्रवर्तन’ के नाम से जाना जाता है। इसके बाद दल सारनाथ स्थित पुरातात्विक संग्रहालय पहुंचा। यहां छात्रों ने अशोक स्तंभ के प्रसिद्ध सिंह शीर्ष सहित प्राचीन मूर्तियों, अवशेषों और ऐतिहासिक धरोहरों को देखा। संग्रहालय में संरक्षित इन धरोहरों के माध्यम से उन्हें मौर्यकाल से लेकर गुप्तकाल तक की कला और संस्कृति की जानकारी मिली। इस दौरान छात्रों ने सारनाथ परिसर के विभिन्न ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भी अवलोकन किया। उन्हें बताया गया कि सारनाथ बौद्ध धर्म के चार प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक है। यही वह स्थान है, जहां भगवान बुद्ध ने अपने पांच शिष्यों को पहला उपदेश दिया था और बौद्ध संघ की स्थापना की थी। यहीं से उनके विचारों तथा करुणा, अहिंसा और मध्यम मार्ग के संदेश का प्रसार हुआ।

दल में शामिल एक छात्र उदय राज ने बताया कि काशी की यात्रा उनके लिए बेहद अद्भुत और यादगार रही। उन्होंने कहा, “हमने सारनाथ के बारे में पहले भी काफी सुना था, लेकिन यहां आने के बाद इसका वास्तविक महत्व समझ में आया। यह जगह बेहद अद्भुत है। यहां पहुंचकर मन को काफी शांति मिली। भगवान बुद्ध के जीवन और उनके उपदेशों से जुड़ी कई नई जानकारियां भी मिलीं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story