काशी तमिल संगमम 5.0: दूसरे दिन तिरुक्कुरल के शाश्वत मूल्यों से रूबरू हुए विद्यार्थी

WhatsApp Channel Join Now
काशी तमिल संगमम 5.0: दूसरे दिन तिरुक्कुरल के शाश्वत मूल्यों से रूबरू हुए विद्यार्थी


—बीएचयू के शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में डॉ. जगदीशन टी ने अतिथियों का किया स्वागत

वाराणसी,29 नवम्बर (हि.स.)। काशी तमिल संगमम् 5.0 के दूसरे दिन रविवार को समूह-1 के शैक्षणिक कार्यक्रम में विद्यार्थी तिरुक्कुरल के शाश्वत मूल्यों से रूबरू हुए। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कृषि विज्ञान संस्थान स्थित शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘द यंग एंड द कुरल: डिजिटल पीढ़ी के लिए शाश्वत मूल्य’ रही। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी (बीएचयू) के तत्वावधान में तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं, भारतीय ज्ञान परंपरा, भाषायी विविधता और समकालीन शिक्षा के विभिन्न पहलुओं को समझने के साथ ही काशी की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिला। शुरूआत में बीएचयू तमिल विभाग के डॉ. जगदीशन टी. ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने काशी तमिल संगमम् की यात्रा, इसके पूर्ववर्ती संस्करणों और पांचवें संस्करण की केंद्रीय अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने तमिल कवि एवं स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती के योगदान को याद करते हुए मानवता और सार्वभौमिक मूल्यों के प्रति उनके विचारों को रेखांकित किया। इस अवसर पर बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन भी किया गया। इस कार्यक्रम में हिंदी की 27 बाल पुस्तकों के तमिल अनुवादों के संग्रह का विमोचन भी किया गया। बीएचयू कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में पुस्तकों के विमोचन का उद्देश्य भाषाई आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और बच्चों के बीच बहुभाषी अध्ययन को प्रोत्साहित करना है। पुस्तकों का प्रथम सेट डॉ. जगदीशन टी. को भेंट किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री चमू कृष्ण शास्त्री, अध्यक्ष, भारतीय भाषा समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् केवल एक सांस्कृतिक आयोजन अथवा पर्यटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाषा, संस्कृति, ज्ञान और शिक्षा के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली एक शैक्षणिक यात्रा है। उन्होंने युवाओं को भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत को समझने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि काशी तमिल संगमम् विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्वानों को एक-दूसरे की परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में तमिल साहित्य, विशेष रूप से तिरुक्कुरल पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को बीएचयू की समृद्ध शैक्षणिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने प्रदर्शन कला संकाय, दृश्य कला संकाय, भारत कला भवन और मालवीय अभिलेखागार जैसी संस्थाओं का उल्लेख करते हुए काशी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित किया। बीएचयू के इतिहास विभाग के प्रो. ए. गंगाधरन ने ‘राष्ट्रीय नैतिक ग्रंथ के रूप में तिरुक्कुरल: समकालीन भारतीय युवाओं के लिए इसकी प्रासंगिकता’ विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि 1,330 दोहों में समाहित तिरुक्कुरल मानव जीवन के विभिन्न पहलुओं, पारिवारिक जिम्मेदारियों, नैतिकता, मानवीय गरिमा और सामाजिक मूल्यों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस ग्रंथ की शिक्षाओं को समझने और उन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया। बीएचयू के अंग्रेजी विभाग के डॉ. उमेश कुमार ने ‘बदलती दुनिया में एक प्राचीन तमिल ग्रंथ का अध्ययन: हमारा तिरुक्कुरल’ विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक सूचनाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन ज्ञान, विवेक और मानवीय अनुभव का महत्व सदैव बना रहेगा। उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल जैसे कालजयी ग्रंथ युवाओं में नैतिक समझ और जीवन मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सेमिनार हॉल में ही चमू कृष्ण शास्त्री की उपस्थिति में शिक्षकों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के 50 विद्यालयों के शिक्षकों के माध्यम से लगभग 3,000 विद्यार्थियों तक तिरुक्कुरल की शिक्षाएं पहुंचाने की योजना साझा की गई। इसमें डिजिटल सामग्री, वीडियो, श्रव्य-दृश्य माध्यमों और ऑनलाइन क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। काशी तमिल संगमम् 5.0 में तमिलनाडु के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने भी अपनी सहभागिता से कार्यक्रम को विशेष आयाम प्रदान किया। इस अवसर पर उदय राज (एम.ए. इंडियन कल्चर, अरुलमिगु पलानियांदवर आर्ट्स एंड कल्चर कॉलेज, पलानी), उमेश्वर एम. (बी.टेक. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, पी.ए.सी.ई.टी.), युकेश कुमार (एमबीए हॉस्पिटल मैनेजमेंट, अपोलो यूनिवर्सिटी) और जगन (बी.ई. रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन, धनलक्ष्मी श्रीनिवासन इंजीनियरिंग कॉलेज) ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। जगन ने कहा, “मेरी विशेष रुचि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और एआई एजेंट विकसित करने में है। काशी तमिल संगमम् जैसे आयोजन यह समझने का अवसर देते हैं कि आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान एक-दूसरे के पूरक हो सकते हैं। भविष्य की तकनीकों के विकास में भारतीय ज्ञान परंपरा के नैतिक मूल्यों को शामिल करना महत्वपूर्ण है।”

वहीं, उमेश्वर एम. ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस का है, लेकिन तकनीकी विकास के साथ नैतिक मूल्यों का होना भी आवश्यक है। तिरुक्कुरल जैसे प्राचीन ग्रंथ आधुनिक डिजिटल पीढ़ी को तकनीक के जिम्मेदार और मानवीय उपयोग की प्रेरणा दे सकते हैं। अन्य छात्रों ने कहा कि काशी तमिल संगमम् 5.0 के माध्यम से तमिलनाडु और काशी के विद्यार्थियों को एक-दूसरे की भाषाओं, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं को जानने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, यह आयोजन शिक्षा, तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों पर विचारों के आदान-प्रदान का मंच भी प्रदान कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story