(अपडेट) काशी तमिल संगमम 5.0: बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे तमिलनाडु के 250 छात्र, ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) काशी तमिल संगमम 5.0: बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे तमिलनाडु के 250 छात्र, ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम


(अपडेट) काशी तमिल संगमम 5.0: बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे तमिलनाडु के 250 छात्र, ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम


—फूलों की वर्षा और डमरू वादन के साथ हुआ भव्य स्वागत, मंदिर प्रशासन ने अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित

वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जोड़ने वाले ‘काशी तमिल संगमम 5.0’ के तहत तमिलनाडु से आए 250 छात्रों के पहले जत्थे ने शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। वैदिक मंत्रोच्चार, डमरू वादन और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के बीच पूरा धाम भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर छात्र भावविभोर नजर आए। उन्होंने ‘जय गंगा मैया’ और ‘हर हर महादेव’ के उद्घोष के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम मिश्रा भी मौजूद रहे।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा और डमरू वादन के बीच छात्रों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रशासन की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित भी किया गया।

दर्शन-पूजन के उपरांत मंदिर प्रशासन ने विद्यार्थियों को श्री काशी विश्वनाथ धाम के भव्य कॉरिडोर का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्हें मंदिर के प्राचीन इतिहास, स्थापत्य कला, धार्मिक महत्ता और इसके पुराने स्वरूप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धाम के हुए कायाकल्प, इसकी भव्यता और श्रद्धालुओं के लिए विकसित आधुनिक सुविधाओं से भी परिचित कराया गया। भ्रमण के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से संचालित अन्नक्षेत्र में सभी विद्यार्थियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर के. वेंकट रमन घनपाठी ने बताया कि दक्षिण भारत से काशी आने वाले अतिथियों को यहां के मंदिरों, सभ्यता, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने का दायित्व उन्हें सौंपा गया है। इसी क्रम में विद्यार्थियों को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का भ्रमण कराया गया। उन्हें मंदिर के गौरवशाली इतिहास, इसके प्राचीन स्वरूप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य कॉरिडोर के रूप में हुए व्यापक बदलावों की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को हनुमान घाट ले जाया जाएगा, जहां उन्हें काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। तमिलनाडु से आए छात्र काशी की प्राचीन सभ्यता, समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को करीब से जानने-समझने के लिए खासे उत्साहित हैं।

काशी तमिल संगमम के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और भाषाई संबंधों को नई मजबूती मिल रही है। विद्यार्थियों का यह दौरा इसी सांस्कृतिक एकात्मता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story